
भाटापारा:-भारत माता सैनिक फिजिकल एकेडमी भाटापारा से प्रशिक्षण प्राप्त कर छत्तीसगढ़ पुलिस एवं नगर सेना में चयनित हुए सभी युवाओं से वरिष्ठ भाजपा नेता छत्तीसगढ़ शिवरतन शर्मा ने भेंट कर उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी।
इस अवसर पर चयनित युवाओं को सम्मानित करते हुए शिवरतन शर्मा ने कहा कि आप सभी की मेहनत, अनुशासन और लगन से आज आपने यह सफलता हासिल की है। यही जज्बा आगे भी देश और प्रदेश की सेवा में बनाए रखना।
उन्होंने कहा कि भाटापारा विधानसभा के लिए यह बड़े गर्व का विषय है कि यहाँ के युवा आज पुलिस और नगर सेना जैसे महत्वपूर्ण विभागों में अपनी सेवा देने के लिए चयनित हुए हैं। यह सफलता सिर्फ इन युवाओं की नहीं, बल्कि इनके माता-पिता, गुरुजनों की सफलता है।
शिवरतन शर्मा ने आगे कहा कि आज का युवा अगर ठान ले तो कोई भी मंजिल दूर नहीं है। अनुशासन, नियमित अभ्यास और सकारात्मक सोच से हर लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। भारत माता सैनिक फिजिकल एकेडमी में जिस तरह से युवाओं को शारीरिक प्रशिक्षण के साथ-साथ अनुशासन और देशभक्ति का संस्कार दिया जा रहा है, वह सराहनीय है।
उन्होंने चयनित युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि वर्दी सिर्फ एक वस्त्र नहीं, बल्कि जिम्मेदारी, सम्मान और सेवा का प्रतीक है। आप सभी ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और अनुशासन के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाएं, आम जनता की सेवा करें और अपने गांव, परिवार तथा भाटापारा का नाम रोशन करें।
शिवरतन शर्मा ने बताया कि भाटापारा विधानसभा के युवाओं को आगे बढ़ाने के लिए हम हमेशा प्रयासरत हैं। शिक्षा, खेल, रोजगार और प्रशिक्षण के क्षेत्र में युवाओं को हर संभव सहयोग दिया जाएगा, ताकि हमारे क्षेत्र का हर युवा आत्मनिर्भर बने और अपने सपनों को साकार कर सके।
इस अवसर पर उन्होंने अन्य प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे युवाओं का भी उत्साहवर्धन किया और कहा कि आप सभी भी इसी तरह मेहनत करते रहें, सफलता अवश्य मिलेगी। असफलता से कभी घबराना नहीं चाहिए, बल्कि उससे सीख लेकर और अधिक मेहनत करनी चाहिए। शिवरतन शर्मा ने सभी चयनित युवाओं के उज्ज्वल भविष्य, स्वस्थ जीवन और सफल सेवाकाल की कामना की।
कार्यक्रम के दौरान एकेडमी के संचालक, प्रशिक्षक एवं बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे। सभी ने चयनित युवाओं को बधाई देकर खुशी व्यक्त की और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।