
प्रेसवार्ता को पूर्व विधायक सिहावा श्रीमती पिंकी शाह एवं वरिष्ठ भाजपा नेता श्री शिवरतन शर्मा ने संयुक्त रूप से संबोधित किया
भाटापारा :- भारतीय जनता पार्टी कार्यालय प्रेस वार्ता में 15 नवम्बर को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के छत्तीसगढ़ आगमन और जनजातीय गौरव सप्ताह (11 से 18 नवम्बर) के कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी गई।
पिंकी शाह ने कहा – जनजातीय समाज वोट बैंक नहीं, भारत की आत्मा है
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक श्रीमती पिंकी शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा ने जनजातीय समाज को सिर्फ सम्मान ही नहीं दिया, बल्कि उसे देश के विकास की मुख्यधारा में खड़ा किया है।
उन्होंने कहा,15 नवम्बर 2026 को धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती है, जिसे पूरा देश जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाता है। भाजपा 11 से 18 नवम्बर तक देश के हर जनजाति बहुल जिले, विधानसभा और मंडल में जनजातीय गौरव सप्ताह’ मना रही है।
श्रीमती शाह ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने मात्र 25 वर्ष की आयु में ‘अबुआ दिशुम, अबुआ राज – हमारा देश, हमारा राज’ का नारा देकर अंग्रेजों के खिलाफ उलगुलान किया था। उनके संघर्ष के कारण ही 1908 में छोटानागपुर काश्तकारी अधिनियम बना, जिससे जनजातीय जमीन की रक्षा हुई। इसीलिए समाज उन्हें धरती आबा कहकर भगवान के रूप में पूजता है।
उन्होंने कहा कि आजादी की लड़ाई 1857 से लगभग 100 वर्ष पूर्व जनजातीय वीरों ने शुरू कर दी थी। तिलका मांझी, सिद्धो-कान्हू, चाँद-भैरव, फूलो-झानो, छत्तीसगढ़ के शहीद वीर नारायण सिंह, टंट्या भील, रानी दुर्गावती, अल्लूरी सीताराम राजू, कोमाराम भीम और रानी गाइदिन्ल्यू जैसे हजारों नायकों ने देश के लिए सर्वस्व न्योछावर किया, लेकिन दशकों तक इतिहास को कुछ चुनिंदा नामों तक सीमित रखा गया। मोदी सरकार ने 2021 में 15 नवम्बर को जनजातीय गौरव दिवस घोषित कर इस अन्याय को दूर किया।
शिवरतन शर्मा ने कहा – विपक्ष ने सिर्फ भ्रम फैलाया, भाजपा ने काम करके दिखाया

वरिष्ठ भाजपा नेता शिवरतन शर्मा ने प्रेस वार्ता में विपक्ष पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि विपक्ष ने जनजाति समाज को दशकों तक केवल वोट बैंक समझा और आज भ्रम और भय की राजनीति कर रहा है।
शिवरतन शर्मा ने कहा 55 वर्ष शासन करके भी कांग्रेस ने न गौरव दिवस घोषित किया, न अलग मंत्रालय बनाया। बिरसा मुंडा, तिलका मांझी, सिद्धो-कान्हू और गोविंद गुरु जैसे नायकों को इतिहास में हाशिए पर रखा। 2022 में जनजातीय महिला राष्ट्रपति के विरुद्ध प्रत्याशी उतारा और बाद में उनके लिए अपमानजनक शब्द बोले।
शर्मा ने आंकड़े प्रस्तुत करते हुए बताया कि जनजातीय कार्य मंत्रालय का बजट 2014-15 के 4,497.96 करोड़ रुपये से बढ़कर 2025-26 में 14,926 करोड़ रुपये हो गया है, यानी 231 प्रतिशत की वृद्धि। इसके अलावा 40 से अधिक मंत्रालय अपने बजट का अंश जनजातीय क्षेत्रों पर खर्च करते हैं।
उन्होंने बताया कि पीएम जनमन योजना (24,104 करोड़) से 75 PVTG समुदायों के 12.37 लाख परिवारों तक विकास पहुंच रहा है। 30 जून 2026 तक 4.82 लाख आवास स्वीकृत, 3.05 लाख पूर्ण, 7,992 किमी सड़क स्वीकृत और 1.35 लाख से अधिक घरों में बिजली पहुंची है। धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान (79,156 करोड़) से 63,000 गाँवों के 5 करोड़ से अधिक लोगों तक 17 मंत्रालयों की योजनाएं एक साथ पहुंच रही हैं।
शिक्षा के लिए 728 एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों का लक्ष्य है। स्वास्थ्य में 2023 में शहडोल से सिकल सेल एनीमिया उन्मूलन मिशन शुरू हुआ, जिसका लक्ष्य 2047 है। आजीविका के लिए 3,958 वन धन विकास केन्द्रों से 11.83 लाख लोग जुड़े हैं।
शिवरतन शर्मा ने कहा कि श्रद्धेय अटल बिहारी जी की सरकार ने 1999 में पहली बार अलग जनजातीय कार्य मंत्रालय बनाया, 2000 में झारखंड और छत्तीसगढ़ का गठन किया। मोदी के नेतृत्व में 2022 में श्रीमती द्रौपदी मुर्मु देश की पहली जनजातीय महिला राष्ट्रपति बनीं। आज छत्तीसगढ़ में विष्णु देव साय, ओडिशा में शमोहन चरण माझी भाजपा के जनजातीय मुख्यमंत्री हैं।
15 नवम्बर को राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन का छत्तीसगढ़ आगमन
प्रेस वार्ता में बताया गया कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नितिन नबीन जी 15 नवम्बर को छत्तीसगढ़ के प्रवास पर रहेंगे। इस दौरान वे जनजातीय गौरव दिवस के मुख्य कार्यक्रम में शामिल होंगे और भगवान बिरसा मुंडा को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। उनके आगमन को लेकर प्रदेश भर में कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह है।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष आनंद यादव, वरिष्ठ भाजपा नेता राकेश तिवारी, जिला उपाध्यक्ष सुनील यदु, जिला कोषाध्यक्ष नंदकिशोर अग्रवाल, मनिंदर सिंह गुबर सहित पार्टी पदाधिकारी एवं प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मिडिया के पत्रकारगण उपस्थित रहे।